भोजपुरी सिनेमा में ऐसी कई बॉलीवुड अभिनेत्रियां हैं जिन्होंने बॉलीवुड में सुपरहिट फिल्म देने के बावजूद भोजपुरी सिनेमा में काम किया। इन अभिनेत्री ने सुपरस्टार रवि किशन और मनोज तिवारी जैसे कलाकारों के साथ काम कर दर्शकों का दिल जीता। दिलचस्प बात यह है कि ये सभी एक्ट्रेसेस सलमान खान के साथ हिट फिल्में देने के बाद भोजपुरी सिनेमा में उतरीं।
बता दें कि इनमें से कई बॉलीवुड एक्ट्रेस आज बॉलीवुड से पूरी तरह दूर हैं, लेकिन भोजपुरी सिनेमा में इन्होंने अपने दमदार अभिनय से दर्शकों के मन पर अपनी गहरी छाप छोड़ी है। इस वजह से इन एक्ट्रेस को आज भी भोजपुर दर्शक याद रखे हुए हैं।
बॉलीवुड अभिनेत्री भाग्यश्री
बॉलीवुड अभिनेत्री भाग्यश्री किसी पहचान की मोहताज नहीं है। भोजपुरी इंडस्ट्री में काम करने वाली अभिनेत्रियों में से सबसे पहला नाम भाग्यश्री का आता है। भाग्यश्री ने 1989 में सलमान के साथ फिल्म मैंने प्यार किया से धमाकेदार डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने मनोज तिवारी के साथ भोजपुरी फिल्म देवा से शुरुआत की।
भाग्यश्री ने रवि किशन और मनोज तिवारी के साथ जनम-जनम के साथ और एगो चुम्मा दे द राजा जी जैसी फिल्में कीं। बाद में वह प्रोड्यूसर भी बनीं और पति हिमालय दसानी को अपनी फिल्म का निर्माता बनाया।
अभिनेत्री नगमा
दूसरा नाम है नगमा का। नगमा ने 1990 में सलमान के साथ बागी फिल्म से पहचान बनाई। नगमा ने भोजपुरी फिल्मों में शानदार काम किया और उनकी पहली भोजपुरी फिल्म दूल्हा मिलल दिलदार रवि किशन के साथ थी। इसके बाद उन्होंने रवि किशन के साथ पंडित जी बताई न बिआह कब होई और गंगा जैसी कई सुपरहिट दीं। मनोज तिवारी के साथ भी उनकी कई फिल्में पसंद की गईं।
बॉलीवुड अभिनेत्री रंभा
तीसरा नाम है अभिनेत्री रंभा का। सलमान खान के साथ उन्होंने जुड़वा और बंधन जैसी फिल्मों में काम किया। भोजपुरी इंडस्ट्री में रंभा ने रवि किशन के साथ बांके बिहारी एमएलए, राम-बलराम और रसिक बलमा जैसी फिल्मों में अभिनय किया। उनकी मासूम अदाएं और कॉमेडी टाइमिंग दर्शकों को खूब पसंद आईं।
तेरे नाम की भूमिका चावला
भूमिका चावला भी इस सूची में शामिल हैं। उन्होंने सलमान के साथ फिल्म तेरे नाम से बॉलीवुड में धमाकेदार एंट्री की थी। भूमिका ने भोजपुरी सिनेमा में एक ही फिल्म की, जिसका नाम था गंगोत्री। यह फिल्म मनोज तिवारी के साथ उनकी जोड़ी को लेकर काफी चर्चा में रही। फिल्म के प्रोड्यूसर अमिताभ बच्चन के मेकअप मैन दीपक सावंत थे और इसमें खुद अमिताभ बच्चन ने गेस्ट अपीयरेंस भी दी थी।






